उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान भारी बारिश 6 की मौत

उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान हुई व्यापक बारिश में अलग अलग स्थानों पर दीवार गिरने की घटनाओं में छह लोगो की मृत्यु हो गयी है.

राज्य मुख्यालय पर प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 24 घंटो के दौरान प्रदेश में बारिश के चलते गाजीपुर में दीवार गिरने से तीन, आज़मगढ में दो और भदोही में एक व्यक्ति की दब जाने से मृत्यु हो गयी.

मौसम विभाग के सूत्रों ने लखनऊ में बताया कि प्रदेश में दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून सामान्य है और पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के सभी मंडलों में वर्षा हुई. इस अवधि में वाराणसी में 100 मिमी, कालपी में 71 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई.



अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अनेक स्थानों पर भारी बारिश तथा पश्चिमी इलाकों में कुछ स्थानों पर सामान्य वष्रा होने का अनुमान है.



इस बीच, केन्द्रीय जलायोग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले करीब एक पखवाड़े से खतरे के निशान से ऊपर बह कर अपने तटीय क्षेत्रों में बाढ़ और कटान रूपी कहर बरपा रही घाघरा और शारदा नदियों के तेवर कुछ नरम पड़े हैं.



हालांकि, घाघरा एल्गिनब्रिज (बाराबंकी) और अयोध्या में अब भी लाल निशान से ऊपर बह रही हैं लेकिन इन दोनों ही स्थानों पर इसका जलस्तर घट रहा है. गंगा नदी गाजीपुर और बलिया में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है.



शारदा का जलस्तर पलियाकलां में खतरे के निशान से ऊपर बरकरार है मगर उसका भी जलस्तर घट रहा है.

Posted by राजबीर सिंह at 5:08 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh